प्रदूषण और स्वास्थ्य प्रभाव
आज के आधुनिक समय में प्रदूषण सबसे गंभीर वैश्विक समस्याओं में से एक है। यह न केवल पर्यावरण को प्रभावित करता है बल्कि हमारे स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डालता है। आज प्रदुषण के काई कारण उपलब्ध है परंतु औद्योगिकीकरण, शहरीकरण और आधुनिक जीवनशैली ने प्रदूषण के स्तर को बढ़ा दिया है। प्रदूषण के कई रूप हैं—मुख्यतः वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण।
वायु प्रदूषण का अर्थ है वातावरण में हानिकारक गैसों, धूलकणों और रासायनिक पदार्थों की अत्यधिक मात्रा का होना। वाहनों से निकलने वाला धुआँ, औद्योगिक इकाइयों से उत्सर्जन, पराली जलाना और घरेलू ईंधन का प्रयोग इसके प्रमुख कारण हैं। इसी के कारण, दिल्ली और उत्तर भारत में सर्दियों के दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अक्सर ‘गंभीर’ स्तर तक पहुँच जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी दी है कि भारत के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर सुरक्षित सीमा से कहीं अधिक है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, जेसे सांस लेने में कठिनाई, अस्थमा, फेफड़ों का कैंसर और हृदय रोग जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका असर और भी गंभीर होता है। वायु प्रदूषण के समाधान में मुख्य रूप से जीवाश्म ईंधन के बजाय सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिकतम प्रयोग करना शामिल है। साथ ही साथ हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए; पीपल, नीम और बरगद जैसे वृक्ष वायु को शुद्ध करने में सर्वाधिक सहायक होते हैं। औद्योगिक चिमनियों में फिल्टर और एयर प्यूरीफिकेशन सिस्टम का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पराली जलाने और कूड़ा फेंकने के बजाय उनके वैज्ञानिक निपटान या खाद बनाने की प्रक्रिया को अपनाना चाहिए। हमें सार्वजनिक परिवहन और साइकिल के उपयोग को प्रोत्साहित कर व्यक्तिगत वाहनों का उत्सर्जन कम करना चाहिए।
वायु प्रदुषण की तरफ ही जल प्रदुषण हमारे स्वास्थ्य के लिए अति गंभीर समस्याएं उत्पन्न करता है। जल प्रदूषण का अर्थ है नदियों, तालाबों और भूजल में हानिकारक रसायन, प्लास्टिक और गंदगी का मिल जाना। औद्योगिक अपशिष्ट, घरेलू सीवेज, कृषि में प्रयोग होने वाले कीटनाशक और प्लास्टिक कचरा इसके मुख्य कारण हैं। यमुना और गंगा जैसी नदियाँ आज भी औद्योगिक अपशिष्ट और सीवेज से अत्यधिक प्रदूषित हैं। हाल ही में यमुना में झाग और जहरीले रसायनों की उपस्थिति ने दिल्लीवासियों को चिंतित किया था। जल प्रदूषण से हैजा, टाइफाइड, डायरिया और त्वचा रोग जैसी बीमारियाँ फैलती हैं। दूषित पानी पीने से बच्चों में कुपोषण और विकास संबंधी समस्याएँ भी उत्पन्न होती हैं। जल प्रदूषण के समाधान के लिए नदियों और जलाशयों में औद्योगिक कचरा और रसायनों को बिना उपचारित किए डालने पर पूर्णतः रोक लगानी चाहिए। प्राकृतिक जल स्रोतों के पास गंदगी फैलाने से बचना चाहिए, जैसा कि शास्त्रों में भी जल को 'देवता' मानकर स्वच्छ रखने का विधान है, हमें जल को स्वच्छ रखना चाहिए। कृषि में रासायनिक खाद के बजाय जैविक खाद का उपयोग बढ़ाना चाहिए ताकि वर्षा के जल के साथ ज़हरीले तत्व भूजल में न मिलें। साथ ही साथ, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देकर भूजल स्तर को सुधारना और शुद्ध करना आवश्यक है। आज अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का विस्तार हर शहर में किया जाना चाहिए।
यह कहना गलत नहीं होगा कि आधुनिक समय से पहले ध्वनि प्रदूषण नहीं हुआ करता था। ध्वनि प्रदुषण का अर्थ है वातावरण में अत्यधिक और अवांछित शोर का होना। वाहनों का शोर, औद्योगिक मशीनें, निर्माण कार्य, लाउडस्पीकर और पटाखे इसके प्रमुख कारण हैं। महानगरों में यातायात और निर्माण कार्यों के कारण ध्वनि प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। त्योहारों और चुनावी रैलियों में लाउडस्पीकर का अत्यधिक प्रयोग भी समस्या को गंभीर बनाता है। साथ ही साथ धार्मिक समुदायों द्वारा अनावश्यक लाउडस्पीकर का उपयोग ध्वनि प्रदूषण का एक प्रमुख कारण है। इससे सुनने की क्षमता कम होती है, नींद में बाधा आती है, मानसिक तनाव और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। लंबे समय तक शोर के संपर्क में रहने से हृदय रोग का खतरा भी बढ़ जाता है। ध्वनि प्रदूषण के समाधान में अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और रिहायशी इलाकों के आसपास 'साइलेंस ज़ोन' के नियमों का कड़ाई से पालन होना चाहिए, जो कि बिलकुल भी नहीं होता है। वाहनों के अनावश्यक हॉर्न और प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर प्रतिबंध और भारी जुर्माना लगाया जाना चाहिए। मशीनों और इंजनों का नियमित रखरखाव करना चाहिए ताकि वे चलते समय कम शोर करें। ध्वनि-शोषक सामग्री और सघन वृक्षारोपण करना चाहिए, क्योंकि पेड़ ध्वनि की तीव्रता को कम करने में मदद करते हैं। आवश्यक है कि धार्मिक या सामाजिक आयोजनों में लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर ही किया जाना चाहिए, इस दिशा में काडे कदम उठाने कि आवश्यकता है। किसी विशेष समुदाय से होने का अर्थ यह कतई नहीं कि हम अन्य लोगों व प्रकृति के साथ गलत करें और उनका शोषण करें।
अतः प्रदूषण एक बहुआयामी समस्या है जो हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों को प्रभावित करती है। वायु प्रदूषण से श्वसन और हृदय रोग, जल प्रदूषण से संक्रामक रोग और ध्वनि प्रदूषण से मानसिक व शारीरिक समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। इसका समाधान केवल सरकार की नीतियों से नहीं बल्कि नागरिकों की जागरूकता और सहयोग से भी संभव है। स्वच्छ ऊर्जा का प्रयोग, जल संरक्षण, कचरे का सही निपटान और शोर नियंत्रण जैसे उपाय अपनाकर हम प्रदूषण को कम कर सकते हैं। स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की नींव है।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें